उप्र में बंद पड़ी बिजली इकाइयों को चालू करने का काम तेज
लखनऊ, 1 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में लंबे समय से बंद बिजली इकाइयों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत सबसे पहले हरदुआगंज की 60 मेगावाट वाली पांच नंबर इकाई को चालू किया गया है।
ऊर्जा विभाग के मुख्य सचिव वी. एन. गर्ग ने रविवार को बताया कि यह इकाई 9 साल से बंद पड़ी थी। इसे दोबारा चालू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली संकट को दूर करने के लिए अल्पकालिक व दीर्घकालिक योजनाएं बनाते हुए जो पहल की गई है अब उसका सकारात्मक असर दिख रहा है।
गर्ग ने बताया कि हरदुआगंज इकाई के बाद अब ओबरा बिजलीघर की एक और दो नंबर की इकाइयों को भी चालू किया जा रहा है। ये इकाइयां लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इसके चालू हो जाने से राज्य को 100 मेगावाट अतिरिक्त बिजली प्राप्त होगी।
राज्य विद्युत उत्पादन निगम द्वारा बंद पड़ी इकाइयों को दुरुस्त करने का काम पूरे जोर-शोर से चल रहा है। अनुमान है कि इन इकाइयों के शुरू हो जाने के बाद राज्य में बिजली की किल्लत काफी हद तक दूर हो जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications