पेट्रोलियम की कीमतें बढ़ाने से पहले सहयोगियों से चर्चा करेगी कांग्रेस (लीड)
नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। तमाम प्रयास के बावजूद लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान केंद्र में सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस ने कहा है कि परिवहन ईंधन की कीमतें बढ़ाने के मसले पर वह अपनी सहयोगी पार्टियों के साथ चर्चा करेगी।
महंगाई पर नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों के नतीजे के प्रति आशावादी रूख अपनाते हुए कांग्रेस ने राज्य सरकारों से अपील की कि वे अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाएं।
कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) ने आज हुई अपनी बैठक में महंगाई की दर 8.1 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच जाने पर चर्चा की। बैठक में फैसला किया गया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में हुई बेतहाशा वृद्धि के मद्देनजर तेल की घरेलू कीमतें बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहयोगी पार्टियों से चर्चा की जाएगी।
पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने तेल की कीमतें बढ़ने में देरी के स्पष्ट संकेत देते हुए पत्रकारों से कहा, "कांग्रेस अकेले कोई फैसला नहीं कर सकती क्योंकि केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार है, जिसमें कई पार्टियां शामिल हैं।"
पार्टी कार्यसमिति की बैठक में देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा होने की बात स्वीकारते हुए द्विवेदी ने कहा कि राज्य सरकारों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे आवश्यक वस्तुओं की कीमतें कम करने के लिए जरूरी उपाय करें।
द्विवेदी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निवास पर साढ़े तीन घंटे तक चली कार्यसमिति की बैठक में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि मुद्रा स्फीति अंतर्राष्ट्रीय परिघटना है, इसलिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। इस समस्या से निपटने के लिए सरकार ने जरूरी कदम उठाए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, "लेकिन राज्य सरकारों की भी जिम्मेदारी है कि वे कीमतों पर नियंत्रण के लिए पर्याप्त उपाय करें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications