भूकंप पीड़ितों की मदद को खिलौने बेचे

बीजिंग विश्वविद्यालय के परिसर के पास से गुजरने वाले सभी राहगीरों से खिलौने लेने का आग्रह करते ये नर्सरी के बच्चे मानवता के दूत दिखाई देते हैं।
पांच वर्षीय बच्ची सांग ने रास्ते पर आते जाते लोगों से कहा, "आप इस टेडी बीयर (खिलौना) को लेना चाहेंगे, यह सिर्फ दो युआन (28 सेंट) में है। कृपया इसे ले लीजिए। यह सिचुआन प्रांत में आए भूकंप से प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए है। इसे दान समझकर खरीद लीजिए।"
इस दौरान कम से कम दस लोगों ने उस बच्ची से खिलौने खरीदे और भूकंप पीड़ितों की मदद में सहायता राशि जुटाने में सहयोग किया।
बच्ची ने खिलौने बेचकर करीब सौ युआन जुटाए और उसने वह राशि चैरिटी बाक्स में डाल दिया।
गौरतलब है कि तीन साल से 11 साल के लगभग 180 बच्चों ने इस चैरिटी अभियान में हिस्सा लिया और अपने खिलौने बेचकर सहायता राशि एकत्रित की।
वेबसाइट 'झीयाओमाई डॉट कॉम डॉट सीएन' द्वारा आयोजित इस चैरिटी के आयोजक जीओ झेंशिओ ने बताया, "इन नन्हे बच्चों ने 14,000 युआन से अधिक की राशि एकत्रित की है। हमने इस राशि को चाइना चैरिटी फेडरेशन को सौंप दिया है जिससे भूकंप पीड़ितों की मदद की जा सके।"
गौरतलब है कि 12 मई को सिचुआन प्रांत में आए 8.0 तीव्रता वाले भूकंप में लगभग 69,000 लोगों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications