बांग्लादेश में आलू की भरमार, चावल के उत्पादन में गिरावट (लीड)
ढाका, 1 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश में इस वर्ष आलू का उत्पादन रिकार्ड 80 लाख टन तक पहुंच गया है लेकिन पिछले वर्ष नवंबर में आई बाढ़ के कारण यहां चावल के उत्पादन में भारी कमी आई है।
मौजूदा स्थिति में बांग्लादेश की सरकार चावल के आयात और आलू की खपत जैसी दोहरी चुनौती का सामना कर रही है। ऐसे में सरकार ने जनता को सलाह दी है कि वे भोजन में चावल का कम और आलू का अधिक इस्तेमाल करें।
उधर भारत में बांग्लादेश को 500,000 टन चावल निर्यात करने की प्रक्रिया जारी है, लेकिन नई फसल के आने तक ढाका ने भारत से चावल का आयात बढ़ाने की इच्छा जताई है।
बांग्लादेश में आलू की भरमार को देखते हुए यहां के सेना प्रमुख जनरल मोईन यू. अहमद ने आलू से जुड़े खाद्य पदार्थो के उद्योग और होटल श्रृंखला को प्रोत्साहित करने की योजना बनाई है। इसी योजना के तहत वे आलू आधारित भोजन समारोह का आयोजन भी कर चुके हैं।
सेना प्रमुख की इस योजना से प्रभावित होकर यहां की एक 'फ्रेंच फ्राई' निर्माता कंपनी अब अपने उत्पादों को विदेशी बाजारों में उतारने की तैयारी में है। इसके लिए कंपनी अपना उत्पादन दस गुना बढ़ाने जा रही है।
'क्वालिटी फ्रेंच फ्राइड पोटैटो' कंपनी निर्यात को बढ़ावा देने के लिए रणनीति बना रही है। इस कंपनी को खरीदने वाले समूह 'इजाब ग्रुप' के निदेशक इश्तियाक अहमद ने कहा, "हम वर्ष 2010 तक हर महीने 80-90 टन फ्रेंच फ्राई के उत्पादन के लिए 12 लाख डॉलर का निवेश करेंगे।"
बांग्लादेशी समाचार पत्र 'डेली स्टार' की रिपोर्ट में अहमद ने कहा, "सउदी अरब अमीरात के एक सुपर मार्केट के विभिन्न केंद्रों में प्रतिमाह 66 लाख डॉलर मूल्य के फ्रेंच फ्राई बेचे जा रहे हैं।"
अहमद ने कहा कि उनकी कंपनी की नजर खाड़ी देशों, यूरोप और अमेरिकी बाजारों पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications