दिल्ली हवाई अड्डे पर दुर्घटना, विदेशी यात्री की मौत (लीड)
नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। राजधानी के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार देर रात बस से टक्कर लगने से यूक्रेन के एक नागरिक की मौत हो गई और अन्य तीन लोग घायल हो गए।
दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) के प्रवक्ता के मुताबिक दुर्घटना शनिवार रात करीब 1 बजे उस समय हुई जब एक अंतर्राष्ट्रीय विमान के पायलट दल को लेकर जा रही बस ने यात्रियों को टक्कर मार दी।
हवाई अड्डा के अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब यात्री हवाई अड्डे के दो नंबर टर्मिनल पर पहुंचकर बस से अपना सामान उतार रहे थे। उसी बीच टर्मिनलों के बीच चलने वाली बस ने इन यात्रियों को टक्कर मार दी।
हवाई अड्डे के पुलिस अधिकारी ने कहा, " दुर्घटना में यूक्रेन के यात्री मिखिलोव की मौके पर ही मौत हो गई और तीन यात्री घायल हो गए। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी है जबकि एक यात्री की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि आईजीआई हवाई अड्डे पर एक सप्ताह के भीतर इस तरह की दूसरी घटना है। पिछले रविवार को हुई दुर्घटना में हवाई अड्डे के एक कर्मचारी की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications