आंध्र प्रदेश उपचुनाव : टीआरएस ने गंवाई 2 लोकसभा और 9 विधानसभा सीटें (लीड-2)
हैदराबाद/नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में अलग तेलंगाना प्रदेश की मांग करने वाली पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) को राज्य में हुए उपचुनाव में बड़ा झटका लगा है। पार्टी को दो लोकसभा और 9 विधानसभा सीटों पर हार का मुंह देखना पड़ा है।
प्रदेश में चार लोकसभा और 18 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को हुए उपचुनावों के आज घोषित परिणामों में टीआरएस चार लोकसभा सीटों में से केवल दो सीटें बचाने में कामयाब रही। दूसरी ओर 18 विधानसभा सीटों में नौ सीटों पर उसे हार का मुंह देखना पड़ा है।
टीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने करीमनगर लोकसभा सीट पर कब्जा बरकरार रखा है और उनकी पार्टी हानमकोंडा सीट बचाए रखने में कामयाब रही। अन्य दो सीटों वारंगल और अदीलाबाद सीट पर उसे हार का मुंह देखना पड़ा है।
वारंगल में मुख्य विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) ने जहां जीत दर्ज की वहीं अदीलाबाद सीट पर राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने अपनी जगह बनाई है।
गौरतलब है कि अलग तेलंगाना राज्य की मांग करते हुए टीआरएस के सांसदों और 16 विधायकों ने इस्तीफा दिया था। टीआरएस केवल सात विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही। टीआरएस की झोली से कांग्रेस ने चार सीटें और राज्य की मुख्य विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) ने पांच सीटें झटक ली है।
राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने खैराताबाद और तेरलाम विधानसभा सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। गौरतलब है कि कांग्रेस और टीडीपी के विधायकों की मृत्यु के कारण ये दोनों सीटें खाली हुई थीं।
राज्य में पार्टी के प्रदर्शन पर नई दिल्ली में कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली ने आईएएनएस से कहा, "आंध्र प्रदेश उपचुनाव पर कर्नाटक का कोई प्रभाव नहीं देखा गया। चुनाव परिणाम यह सिद्ध करता है कि कांग्रेस अपने बूते अच्छा कर सकती है और जनता के लिए विकास प्रमुख मुद्दा है।"
उन्होंने कहा कि विकास और सामाजिक न्याय मुद्दे को कांग्रेस ने उठाया था। मोइली ने कहा कि विकास और सुशासन जीत की कुंजी होती है। उन्होंने कहा कि राज्य में वाई. एस. राजशेखर रेड्डी की सरकार अच्छा काम कर रही है।
उधर उपचुनाव परिणाम आने के बाद तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने की पेशकश की है।
टीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने आज अपने आवास पर पार्टी नेताओं की एक बैठक में अध्यक्ष पद छोड़ने की पेशकश की। पार्टी सूत्रों के अनुसार उन्होंने कहा कि वह अध्यक्ष पद पर आगे बने नहीं रह सकते हैं। वहीं दूसरी ओर पार्टी नेताओं ने उन्हें अध्यक्ष पद पर बने रहने की अपील की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications