उत्तर प्रदेश में 'हाथी' पर लगाम लगाना आवश्यक : पासवान
लखनऊ, 1 जून (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष और केंद्रीय इस्पात मंत्री रामविलास पासवान ने आज कहा कि उत्तरप्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का हाथी निरंकुश हो रहा है। अब इस पर लगाम कसने के लिए गैर बसपा और गैर भाजपाई दलों का एक साथ आना आवश्यक है।
उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी(सपा) के बीच आती नजदीकी को शुभ करार दिया।
पासवान ने रविवार को यहां संवाददाओं से बातचीत में बसपा सुप्रीमो मायावती और उनकी सरकार पर जमकर हमले किए। उन्होंने मायावती की इस बात के लिए आलोचना की कि वह बाबा साहब अंबेडकर को अपमानित कर खुद अपने को और कांशीराम को बाबा साहब से बड़ा साबित करना चाहती हैं। जीते जी तो मायावती ने कांशीराम की परवाह की नहीं और अब मरने के बाद डा़ अंबेडकर का स्मारक तोड़कर उसी स्थान पर कांशीराम का स्मारक बनाया जा रहा है।
दलित प्रेम को लेकर राहुल गांधी की खिल्ली उड़ाने के लिए भी पासवान ने मायावती को आड़े हाथों लिया। पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने आए लोजपा अध्यक्ष ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अगर राहुल कड़ाके की सर्दी अथवा भीषण गर्मी में किसी दलित के यहां जाते हैं तो मायावती क्यों चिढ़ती हैं। वह स्वयं तो किसी दलित को अपने बगल बैठाती नहीं और उनकी अकेली कुर्सी लगती है।
लोजपा अध्यक्ष ने कहा कि बसपा की चुनावी सफलता किसी सोशल इंजीनियरिंग का नतीजा नहीं बल्कि यह अंधे के हाथ बटेर लगने जैसा है। लोग मुलायम सरकार से नाराज थे और उन्होंने बसपा को वोट कर दिया। उन्होंने बसपा की नीति को 'यूज एंड थ्रो' करार दिया है।
पासवान ने कहा कि सरकारें रोजगार देने के लिए होती हैं जबकि मायावती सरकार ने सत्त में आते ही 20 हजार प्रशिक्षित सिपाहियों को बर्खास्त कर दिया। इन बेचारों का धन भी गया और नौकरी भी।
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार उत्तर प्रदेश को मांग से ज्यादा उर्वरक दे रही है लेकिन प्रदेश सरकार इसे किसानों तक नहीं पहुंचाती। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार उवर्रकों को जिला मुख्यालयों तक पहुंचाती है लेकिन राज्य सरकार इसे गांवों तक नहीं पहुंचा पाती जो बेहद शर्मनाक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications