राष्ट्रपति की शिमला छुट्टियां समाप्त
शिमला, 1 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल शिमला में छह दिन की छुट्टियां बिताने के बाद आज रविवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं।
अपने पति देवी सिंह शेखावत सहित परिवार के दस सदस्यों के साथ राष्ट्रपति ने शिमला से 15 किलोमीटर दूर स्थित कल्याणी हेलीपैड से भारतीय वायुसेना के एक हेलीकाप्टर से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
हेलीपैड पर राष्ट्रपति को विदा करने के लिए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल वी.एस. कोकजे, मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों सहित सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इन छुट्टियों में प्रतिभा पाटिल का अधिकांश समय राष्ट्रपति निवास में ही बीता। शिमला में सैलानियों के आने के सबसे महत्वपूर्ण समय को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति के सार्वजनिक आवागमन को काफी कम रखा गया था।
शिमला के रिज मैदान पर एक समारोह को संबोधित करते हुए पाटिल ने सामाजिक बुराइयों खासकर कन्या भ्रूण हत्या को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
पाटिल ने कहा कि दहेज प्रथा, बाल विवाह, मादा भ्रूण हत्या और मादक पदार्थो के बढ़ते उपयोग ने राष्ट्र को जकड़ लिया है।
इस दौरान राष्ट्रपति ने अपनी एक दिन की मनाली यात्रा रद्द कर दी। उनके परिवार के सदस्यों ने ब्रिटिश राज में वायसरीगल हाउस रहे इंडियन इंस्टीट्यूट आफ एडवांस स्टडीज (आईआईएएस) का भ्रमण किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।