तेल की कीमतों में वृद्धि के विरोध में इंडोनेशिया में हजारों ने किया प्रदर्शन
जकार्ता, 1 जून (आईएएनएस)। इंडोनेशिया में मुस्लिम कट्टरपंथियों सहित हजारों लोगों ने रविवार को ईंधन तेल कीमतें बढ़ाने और सब्सिडी घटाने के सरकार के फैसले के विरोध में राष्ट्रपति भवन के सामने प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय राजधानी जकार्ता में हुए प्रदर्शन में 'हिजबुत तहरीर इंडोनेशिया इस्लामिक मूवमेंट' के साथ इस्लामिक डिफेंडर फ्रंट (एफपीआई) ने भी शिरकत की।
पूर्वी जावा की राजधानी सुरबाया में हिजबुत तहरीर के करीब 6 हजार लोगों ने गवर्नर निवास से एक व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र तक एक रैली आयोजित की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जरूरी वस्तुओं के दामों में वृद्धि से पहले ही आम आदमी परेशान है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि उस पर अतिरिक्त बोझ साबित होंगी।
पश्चिमी सुमात्रा प्रांत की राजधानी पदांग, मध्य जावा के शहर सोलो और दक्षिणी कालीमंथन के बंजारमेसिन से भी प्रदर्शनों की सूचना है।
उल्लेखनीय है कि इंडोनेशियाई राष्ट्रपति सुसिलो बंबांग युधोयोनो ने गत सप्ताह अर्थव्यवस्था में गिरावट से बचने के लिए ईंधन के दाम बढ़ाने का फैसला लिया था।
सरकार ने विश्व बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण राष्ट्रीय बजट का संतुलन बनाने के लिए ईंधन की कीमतों में करीब 30 प्रतिशत की वृद्धि की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications