झारखंड में आवारा हाथी 'ओसामा बिन लादेन' मारा गया
रांची, 31 मई (आईएएनएस)। झारखंड में 'ओसामा बिन लादेन' के नाम से कुख्यात एक आवारा हाथी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने गोली मार दी। इस हाथी ने 11 लोगों की कुचलकर मार डाला था।
इस हाथी से खौफ खाए वन विभाग ने इसे मारने के लिए गुरुवार को वारंट जारी किया था। इसके बाद इस हाथी को बोकारो जिले के डुंगरियातार गांव में सुरक्षा बलों ने गोली मार दी। वन अधिकारियों के मुताबिक इस हाथी ने गत दो महीने में 33 लोगों की कुचल दिया था जिसमें 11 की मौत हो गई और 22 घायल हो गए थे।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में इस हाथी ने 21 मई को छह लोगों को कुचला था, जिससे इन सभी की मौत हो गई थी।
इस हाथी को वन विभाग ने बुधवार को पकड़ लिया था पर यह भाग निकला था। इसी दिन इसने एक अन्य ग्रामीण को कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई थी।
झारखंड के वन्यजीव के मुख्य वार्डन ए. के. सिंह ने कहा कि उनके पास इस हाथी को मारने के लिए वारंट जारी करने के अलावा कोई चारा नहीं था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*