तहसील समाप्त किए जाने को लेकर विवाद, पुलिस फायरिंग में 5 घायल
कांशीराम नगर, 30 मई (आईएएनएस)। मायावती सरकार द्वारा नवगठित जिले कांशीराम नगर में सोरो तहसील को समाप्त किए जाने को लेकर आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में 5 लोग घायल हो गए। स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक लव कुमार ने बताया कि कांशीराम नगर जिला गठित होने के बाद एटा की सोरो तहसील को इसमें शामिल कर लिया गया था। लेकिन हाल ही में सरकार ने फैसला बदलकर सोरो तहसील समाप्त कर पास ही के सहावर थाना क्षेत्र को तहसील बनाने का फैसला किया, जिसका यहां के स्थानीय लोग विरोध कर रहे थे। आज स्थानीय लोगों ने प्रदशर्न करते हुए सोरो के टेलीफोन एक्सचेंज को फूंक दिया। साथ ही बरेली-कासगंज पैसेंजर ट्रेन को भी आक्रोशति भीड़ ने आग के हवाले कर दिया है। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस पर भीड़ ने जमकर पथराव किया। स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस की तरफ से फायरिंग की गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए।
स्थिति तनावपूर्ण हो जाने के बाद अलीगढ़ जोन के डीआईजी मौके पर पहुंच गए। उधर, पुलिस अधीक्षक एटा सुनील कुमार सिंह को भी मौके पर पहुंचने के आदेश दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।