खाद्यान्न संकट विकास की गति को प्रभावित कर सकता है : यूनीसेफ
टोक्यो, 28 मई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र बाल विकास कोष (यूनीसेफ) ने चेतावनी दी है कि खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर अफ्रीकी देशों में बाल मृत्यु दर व बच्चों की शिक्षा के मामले में हाल के वर्षो में हुई प्रगति प्रभावित हो सकती है।
अफ्रीकी विकास पर योकोहोमा में आयोजित तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान यूनीसेफ के कार्यकारी निदेशक अन्ना वेनीमैन ने कहा कि बाल मृत्यु दर व प्राथमिक स्वास्थ्य के मामले में अफ्रीकी देशों में हाल के वर्षो में जो प्रगति देखने को मिली है वह खाद्यान्न की कीमतों में उछाल से पीछे लौट सकती है।
वेनीमैन के अनुसार कुछेक अफ्रीकी राष्ट्र तो बाल मृत्यु दर व प्राथमिक स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में संयुक्त राष्ट्र सदस्यों द्वारा 2000 में तय शताब्दी विकास लक्ष्य को वर्ष 2015 तक हासिल करने की दिशा में अग्रसर थे।
संयुक्त राष्ट्र की बाल विकास से संबंधित एजेंसी और अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठन खाद्यान्न की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए इस बात की आशंका जता रहे हैं कि बच्चे मुफ्त भोजन की सुविधा के बंद होने की स्थिति में विद्यालय से मुंह मोड़ सकते हैं।
एजेंसियों के मुताबिक विद्यालय में मुफ्त भोजन की सुविधा के बंद हो जाने पर बच्चे अध्ययन की कीमत पर भोजन की तलाश में मजदूरी करने पर विवश होंगे।
लाइबीरिया के राष्ट्रपति एलेन जानसन सरलीफ के अनुसार बच्चों के लिए दी जाने वाली सहायता में मुफ्त भोजन की सुविधा प्रमुख है और हमारी सरकार इस बात के लिए प्रयास करेगी कि इस सुविधा को जारी रखने के रास्ते में संसाधन आड़े न आए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications