उड़ीसा के एक गांव में फैला है चेचक का संक्रमण
भुवनेश्वर, 28 मई (आईएएनएस)। उड़ीसा के देवगढ़ जिले के एक गांव में चेचक का संक्रमण फैला हुआ है। चेचक से मरने के बाद गांव वाले शव को ऊंची पहाड़ी पर छोड़ आते हैं। उनका मानना है कि चेचक से मरने वालों का शव जलाने से ईश्वर उन से नाराज हो जाएंगे।
देवगढ़ जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार पिछले एक पखवाड़े से अदास गांव में कम से कम 15 लोगों को चेचक हो गया है।
जिले की मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजराजेश्वरी देवी ने आईएएनएस को बताया, "अदास गांव के 60 वर्षीय रघु अधा की शनिवार को चेचक के संक्रमण से मौत हो गई। मौत के बाद उसके परिवार वालों ने उसका दाहसंस्कार नहीं किया। परिवार वालों का मानना है कि दाहसंस्कार करने से भाग्य की देवी उनसे नाराज हो जाएगी।"
चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि परिवार वालों ने रघु के शव को एक पहाड़ी पर रख दिया और शव पर हल्दी लगाकर उसे बेल और नीम के पत्तों से लपेट दिया।
उन्होंने बताया, "हमने गांव वालों को बताया की यह एक संक्रमण वाली बीमारी है और इससे ईश्वर नाराज नहीं होगा। बहुत मुश्किलों से गांव वालों ने शव को मंगलवार को जलाने दिया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications