7 जून से पहले मुशर्रफ को हटाने के प्रस्ताव पर विचार कर सकती है पाक संसद
इस्लामाबाद, 28 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में सात जून को पेश किए जाने वाले बजट से पहले ही संसद राष्ट्रपति को हटाने के प्रस्ताव पर विचार कर सकती है।
डान समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार के अनुसार राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ और बर्खास्त न्यायाधीशों की बहाली के अनिश्चित भविष्य के बीच नवनिर्वाचित संसद का पहला सत्र 2 जून से आरंभ होगा। समाचार पत्र ने सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार के सूत्रों के हवाले से बताया है कि 7 जून को बजट पेश किए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली और 100 सदस्यों वाली सीनेट है।
बजट सत्र में दोनों सदनों में अर्थव्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, खाद्यान्नों और तेल की बढ़ती कीमतों, गेंहू और आटे की कमी, बिजली कटौती और गरीबों को राहत देने के मामले पर गर्मागर्म बहस होने की उम्मीद है।
बजट सत्र में बर्खास्त न्यायाधीशों को बहाल करने में गठबंधन सरकार की असफलता पर भी चर्चा होने की आशा है।
गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रही पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने इसी सत्र में संवैधानिक सुधारों की अपनी योजना को भी पेश करने का मन बनाया है। कानून मंत्री फारुक एच. नाइक ने पिछले हफ्ते संकेत दिया था कि बजट के पूर्व संवैधानिक प्रस्ताव पेश किया जा सकता है। लेकिन प्रधानमंत्री युसुफ रजा गिलानी और पीपीपी सहअध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने इस पर संशय बनाए रखते हुए कहा कि संवैधानिक प्रस्ताव बजट के पहले या बाद में कभी भी पेश किया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications