गुर्जर आंदोलन के कारण पूरा क्षेत्र प्रभावित
आगरा, 28 मई (आईएएनएस)। राजस्थान में गत छह दिनों से जारी गुर्जर आंदोलन के कारण पूरे क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था ठप हो गई है। खाद्य पदार्थो से लदे कई ट्रक राजमार्गो पर खड़े हैं जबकि कई कारखानों तक कच्ची सामग्रियां नहीं पहुंच पा रही हैं।
जानकारी के अनुसार आलू से लदे सैकड़ों ट्रक राजमार्गो पर या कोल्ड स्टोरेज के बाहर खड़े हैं। फतेहपुर सिकरी के पास आलू से लदा ट्रक का चालक गुमान सिंह ने कहा, "अब यह डर लग रहा है कि कहीं गर्मी की वजह से आलू खराब न हो जाय।"
संगमरमर के व्यापारियों ने कहा, "राजस्थान के किशनगढ़ में कई ट्रकों पर संगमरमर लदा है लेकिन नियमित आपूर्ति नहीं होने से यहां बहुत नुकसान हो रहा है।"
उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों ने बताया कि फिरोजपुर स्थित गैस कारखाने और आगरा के लोहे के कारखानों में कच्चे पदार्थो की कमी हो रही है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को भी गुर्जरों ने फिरोजाबाद और फतेहाबाद के बीच सड़क जाम कर रखा था।
उधर, रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मथुरा और अलवर के बीच 90 मीटर से भी लंबी रेलपटरियों को नुकसान पहुंचाया गया है जिसकी वजह से मंगलवार को कई रेलगाड़ियां रद्द करनी पड़ी थीं।
गौरतलब है कि राजस्थान में गुर्जर खुद को जनजाति का दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications