सू की की नजरबंदी बढ़ाए जाने की आलोचना
न्यूयार्क, 28 मई (आईएएनएस)। म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक विपक्ष की नेता आंग सान सू की की नजरबंदी छह माह और बढ़ाए जाने की संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका और यूरोपीय संघ ने आलोचना की है।
सू की पिछले पांच साल से लगातार नजरबंद हैं। सन 1988 में स्वदेश लौटने के बाद उन्हें 12 वर्षो तक नजरबंद रहना पड़ा है। इससे पहले मंगलवार की सुबह पुलिस ने नोबल पुरस्कार विजेता सू के 18 समर्थकों को गिरफ्तार किया था।
नजरबंदी की अवधि में ताजा बढ़ोतरी सू की की पार्टी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी की 18 साल पहले हुए आम चुनाव में भारी जीत के वर्षगांठ पर की गई है। उस चुनाव के परिणामों को सैन्य सरकार जुंता ने खारिज कर दिया था।
न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने इसे 'दुखद' बताया। उन्होंने कहा, "आंग सान सू की और अन्य राजनीतिक चेहरों पर लगाया गया प्रतिबंध शीघ्र समाप्त किया जाना चाहिए और म्यांमार को मानवाधिकार की रक्षा व लोकतंत्र की स्थापना के लिए शीघ्र कदम उठाना चाहिए।"
यूरोपीय संघ के विदेश नीति के प्रमुख जैवियर सोलाना ने इसे बहुत दुखद करार देते हुए कहा कि इस समय म्यांमार में तुफान से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने पर पूरी दुनिया का ध्यान है और उनके लिए यह बहुत दुखद हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने कहा कि म्यांमार की जुंता सरकार के इस फैसले से उन्हें गहरा चोट पहुंचा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications