मांग में कमी की आशंका से तेल नीचे सरका
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज (नाइमेक्स) में आज लगातार दूसरे दिन तेल की कीमतों में नरमी देखी जा रही है। नाइमेक्स में आज तेल का जुलाई वायदा 1.57 डालर यानी 1.2 फीसदी की नरमी से 127.28 डालर प्रति बैरल दर्ज किया गया।
कारोबार के दौरान समान अवधि का तेल वायदा 125.96 डालर प्रति बैरल के निचले स्तर तक चला गया। बीते गुरुवार को नाइमेक्स में कच्चे तेल की कीमत 135.09 डालर प्रति बैरल की नई ऊंचाई तक पहुंच गई थी।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार तेल की कीमतों में रिकार्ड तेजी को देखते हुए मांग में कमी की आशंका के मद्देनजर तेल की कीमतों में नरमी देखी जा रही है।
भू राजनीतिक व आपूर्ति से संबंधित संकेत हालांकि अभी भी मजबूती के पक्ष में हैं। इस बीच नाईजीरिया से प्राप्त ताजा रिपोर्ट में विद्रोहियों ने तेल पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। एक दूसरे घटनाक्रम में अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने ईरान के ऊपर फिर से परमाणु कार्यक्रम को लेकर समुचित जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया है।
निवेशकों को फिलहाल अमेरिकी ऊर्जा मंत्रालय की सूचना व प्रशासन विभाग से बुधवार को जारी होने वाले क्रूड, गैसोलिन व हीटिंग आयल से सबंधित इन्वेंटरी आंकड़ों का बेसब्री से इंतजार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications