मेरे बच्चों के साथ अन्याय हुआ : डी. पी. यादव
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। नीतीश कटारा हत्याकांड में बेटे विकास और भतीजे विशाल को मिली छह साल की सजा के बारे में डी.पी. यादव का कहना है कि दोनों के साथ अन्याय हुआ है।
यादव ने कहा, "जब फैसला सुनाया गया उस समय मैं लॉयर्स चैम्बर में बैठा था। मैंने उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की है। अदालत इस बारे में जानती थी, लेकिन फिर भी फैसला सुना दिया गया।"
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रविंद्र कौर ने आज विकास और विशाल को हत्या के मामले में दोषी करार दिया। सजा 30 तारीख को सुनाई जाएगी।
यह पूछे जाने पर कि "अन्याय" किसने किया है, यादव का कहना है, "यह कुछ रईस, शक्ति संपन्न लोगों और नौकरशाहों का काम है।" यादव का कहना है कि वह अपने बेटे और भतीजे के लिए ऊंची अदालतों में न्याय की गुहार करेंगे।
उल्लेखनीय है कि नीतीश कटारा को 17 फरवरी 2002 को आखिरी बार गाजियाबाद में एक विवाह समारोह में जीवित देखा गया था। उस समारोह में विकास, विशाल और उनकी बहन भारती भी उपस्थित थी।
विकास और विशाल को भारती की नीतीश से नजदीकी पसंद नहीं थी। विवाह के कुछ दिनों बाद कटारा की लाश बुलंदशहर जिले के खुर्जा में पाई गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।