प्राथमिकी दर्ज नहीं करने पर थाने में की आत्महत्या
पटना, 28 मई (आईएएनएस)। मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना परिसर में प्राथमिकी दर्ज करवाने आए एक व्यक्ति ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि बार बार गुहार करने के बावजूद पुलिस प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक महेशपुर गांव का रहने वाला 30 वर्षीय विनोद महतो का उसके चाचा रामप्रसाद महतो के साथ जमीन जायदाद से संबंधित विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि एक सप्ताह पहले विनोद के घर में रामप्रसाद ने तोड़फोड़ कर दी थी।
इस मामले को लेकर विनोद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने गया, लेकिन उसकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। सोमवार की शाम वह फिर थाने गया और प्राथमिकी दर्ज करने का निवेदन किया। उसने कहा कि यदि प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो वह वहीं जान दे देगा। इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। विवश होकर विनोद ने थाना परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद पुलिस विनोद को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विनोद की मां जगदंबा देवी ने आरोप लगाया है कि रामप्रसाद के साथ मिलकर पुलिस ने ही विनोद को जहर दे दिया।
उधर, झंझारपुर के थाना प्रभारी रामदेव मांझी का कहना है कि थाने में विनोद की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। उन्होंने कहा कि विनोद दूसरी जगह से जहरीला पदार्थ खाकर थाने आया था।
इस घटना के विरोध में गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम कर दिया। जाम हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications