पाक ने राजदूत के बदले तालिबानी नेताओं को रिहा किया
इस्लामाबाद, 28 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में नियुक्त अपने राजदूत की रिहाई के बदले तालिबान के दो शीर्ष नेताओं को रिहा किया है।
'द न्यूज' समाचार पत्र के अनुसार सरकारी अधिकारियों के इन खबरों के खंडन करने के बावजूद दोनों आतंकवादी नेता करीब दो सप्ताह पहले ही अफगानिस्तान पहुंच गए।
तालिबान सें प्राप्त विश्वस्त समाचारों के अनुसार मुल्ला ओबेदुल्लाह अखुंद और मुल्ला मंसूर दादुल्लाह के साथ सैकड़ों आतंकवादियों को रिहा किया गया है। इन आतंकवादियों की रिहाई पाक राजदूत और सेना के 35 जवानों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए की गई।
प्रधानमंत्री के आंतरिक मामलों के सलाहकार रहमान मलिक ने आतंकवादियों की रिहाई से इंकार किया है, लेकिन अफगानिस्तान के एक प्रमुख जेहादी नेता ने इस बात की पुष्टि की है कि दोनों तालिबानी नेता अपने देश पहुंच चुके हैं।
रिहा किए गए दोनों तालिबानी अफगानिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ लड़ रही नाटो सेना की वांछित सूची में सबसे ऊपर हैं। इन दोनों को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने अलग- अलग कार्रवाइयों में पकड़ा था।
मुल्ला ओबेदुल्लाह को एक मार्च 2007 को गिरफ्तार किया गया था। अब तक गिरफ्तार तालिबानी नेताओं में वह सबसे बड़ा नेता माना जाता है। अमेरिकी खुफिया अधिकारी उसे ओसामा बिन लादेन का करीबी और मुल्ला उमर के साथ तालिबान के नेतृत्व की आंतरिक मंडली का सदस्य मानते हैं। ओबेदल्लाह तालिबान सूरा मजलिस या कार्यकारिणी का सदस्य है और तालिबान में उसे तीसरे नंबर का नेता माना जाता है।
दूसरे आतंकवादी नेता दादुल्लाह को पांच साथियों के साथ 11 फरवरी को पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पार करते समय गिरफ्तार किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications