बाल उत्पीड़न के आरोपों की जांच होगी : मून
न्यूयार्क, 28 मई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगे बाल उत्पीड़न के आरोप गंभीर हैं। इन आरोपों की गहन जांच कराई जाएगी।
बान ने अपने एक बयान में कहा कि यह 'गंभीर' और 'दुखद' घटनाक्रम है। इसकी शीघ्र निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। मून के बयान को उनके एक प्रवक्ता ने पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा, "ऐसी एक अदद घटना भी चिंताजनक है।" प्रवक्ता माइकल मोंटास ने कहा कि मून इस घटनाक्रम से व्यथित हैं।
उन्होंने कहा कि मून को सेव द चिल्ड्रेन नामक संगठन की उस रिपोर्ट से गहरा दुख हुआ है जिसमें शांति सैनिकों पर बच्चों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है। इसमें दावा किया गया है कि ये शांति सैनिक और कार्यकर्ता बच्चों के यौन उत्पीड़न जैसी जघन्य घटनाओं में भी संलिप्त रहे हैं।
मोंटास ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ऐसी घटनाएं रोकने के लिए अपने कार्यकर्ताओं और शांति सैनिकों को प्रशिक्षित करता रहा है। सेव द चिल्ड्रेन संगठन की रिपोर्ट में कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों और कार्यकर्ताओं के व्यवहार व आचरण पर नजर रखने के लिए एक निगरानी समूह के गठन की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications