उत्तर में तापमान बढ़ा, दक्षिण और पूर्वोत्तर में बारिश के आसार
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप धीरे-धीरे एक बार फिर बढ़ता जा रहा है। तापमान में वृद्धि के आगे भी जारी रहने के आसार हैं।
अगले दो-तीन दिनों के दौरान अरब सागर और दक्षिणी प्रायद्वीप के ऊपर पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के तेज होने की संभावना है। इसके साथ ही अगले तीन दिनों के दौरान पूवरेत्तर के ऊपर बने चक्रवात के कारण वहां तेज बरसात हो सकती है अथवा गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके अतिरिक्त, अगले 3-4 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में भी कुछ स्थानों पर बरसात की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में आज का अधिकतम तापमान 36.6 और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले चौबीस घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उड़ीसा में कुछ स्थानों पर बारिश अथवा गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
दक्षिण भारत में भी लक्षद्वीप में अनेक स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तटवर्ती कर्नाटक और केरल में कुछ स्थानों पर बरसात होगी और अगले 24 घंटों के बाद इसके तेज होने के आसार हैं। अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ स्थानों पर बरसात की संभावना है।
राजस्थान, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी कुछ स्थानों पर बरसात की संभावना है। अधिकांश स्थानों पर मौसम खुश्क रहेगा। इसके अतिरिक्त, उत्तरी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बरसात अथवा गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। शेष स्थानों पर मौसम के खुश्क रहने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।