इंडियन आयल को 4.14 अरब रुपये का घाटा
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी तेल रिफाइनरी कंपनी इंडियन आयल कारपोरेशन को पिछले नौ तिमाही के दौरान पहली बार घाटा हुआ है।
ताजा वित्तीय नतीजों के मुताबिक 31 मार्च को समाप्त हुए तिमाही के दौरान कंपनी को कुल 4.14 अरब रुपये का घाटा हुआ। पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान कंपनी को 15.03 अरब रुपये का लाभ हुआ था।
कंपनी के मुताबिक खुदरा बिक्री की बाध्यता व कम कीमत समीक्षाधीन अवधि के दौरान हुए नुकसान के लिए जिम्मेदार है।
घाटे के बावजूद कंपनी के शुद्ध राजस्व में समीक्षाधीन अवधि के दौरान 33 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बाम्बे स्टाक एक्सचेंज को दी जानकारी में कंपनी ने बताया कि पिछले वर्ष की समान अवधि के 538.18 अरब रुपये के मुकाबले समीक्षाधीन अवधि के दौरान शुद्ध राजस्व बढ़कर 717.9 अरब रुपये तक पहुंच गया।
कंपनी को हालांकि वित्तीय वर्ष 2007-08 के दौरान 79.13 अरब रुपये का मुनाफा हुआ। पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान कंपनी को 78.67 अरब रुपये का मुनाफा हुआ था।
समीक्षाधीन वर्ष के दौरान कंपनी का शुद्ध राजस्व 2.03 खरब रुपये के मुकाबले बढ़कर 2.32 खरब रुपये हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications