घरेलू शेयर बाजार नरमी से ऊबरे (लीड-1)
मुंबई, 28 मई (आईएएनएस)। वैश्विक पूंजी बाजारों से मिले सकारात्मक रुझानों व कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी के बीच घरेलू शेयर बाजार लगातार तीन कारोबारी दिवस की नरमी के बाद बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए।
मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक बुधवार को 16,358.62 के स्तर पर खुला और कारोबार के दौरान 16,563.30 की ऊंचाई को छूते हुए अंतत: 249.78 अंक यानी 1.53 फीसदी चढ़कर 16,525.37 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई में आज कुल 1,421 शेयरों के भाव चढ़े। कुल 1,497 शेयरों के भाव गिरे जबकि 191 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं देखा गया।
राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी दिन के कारोबार की समाप्ति पर 58.55 अंक यानी 1.20 फीसदी की मजबूती से 4,918.35 के स्तर पर देखा गया।
उपभोक्ता वस्तुओं, सूचना व प्रौद्योगिकी, धातु, बैंकिंग, दूरसंचार व औषधि निर्माण क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त लिवाली देखी गई। सूचना व प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में तगड़ी खरीददारी के चलते अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को तेजी के साथ बंद हुए थे।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार वित्त मंत्रालय से जारी बयान के मद्देनजर घरेलू शेयर बाजारों में लिवाली को प्रोत्साहन मिला। वित्त मंत्रालय से जारी बयान के अनुसार तेल कंपनियों को राहत प्रदान करने के लिए आयकर पर अतिरिक्त अधिभार लगाने की खबर बेबुनियाद है। वित्त मंत्रालय के अनुसार तेल व गैस मंत्रालय के द्वारा इस संबंध में प्रस्ताव रखा गया था। उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आज तेल की कीमत घटकर 127 डालर प्रति बैरल तक नीचे आ गई।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी आज तेजी देखने को मिली। मिडकैप सूचकांक जहां 74.62 अंक यानी 1.12 फीसदी बढ़कर 6,753.53 के स्तर पर बंद हुआ वहीं, स्मालकैप सूचकांक 27.01 अंक यानी 0.33 फीसदी की मजबूती से 8,237.09 के स्तर पर बंद हुआ।
बीएसई में आज जिन कंपनियों के शेयरों के भाव चढ़े उनमें प्रमुख हैं:- अंबूजा सीमेंट, हिंडाल्को, टीसीएस, सन फर्मा। भेल, एल एंड टी, ओएनजीसी व सुजलान एनर्जी के शेयरों के भाव गिरे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications