छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में जालसाजी से टॉप हुई छात्रा!
रायपुर, 28 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में 12वीं की परीक्षा में टॉप रही छात्रा के परिणाम पर अब सवाल उठने लगे हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि छात्रा जालसाजी करके टॉप हुई। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीजीबीएसई) ने मामले की जांच कराने का आदेश जारी किया है।
सीजीबीएसई के अध्यक्ष बी. के. एस. रे मामले में इस तथ्य की जांच करवाना चाहते हैं कि क्या छात्रा की उत्तर पुस्तिका को किसी अन्य ने लिखा है। गौरतलब है कि दो दिन पहले जारी किए गए परीक्षा परिणाम में यह छात्रा 190,567 परीक्षार्थियों के बीच टॉप रही थी।
जांच आदेश जारी किए जाने के बाद जांजगिर जिले के बिर्रा राजकीय विद्यालय की इस छात्रा का नाम सफल परीक्षार्थी की सूची से हटा दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार इस मामले में उनके पास पर्याप्त साक्ष्य हैं।
अधिकारियों का कहना है कि छात्रा की उत्तर पुस्तिका को बदला गया था, जिसे किसी अन्य ने लिखा था। गौरतलब है कि इस छात्रा को कुल 500 अंकों में 484 अंक प्राप्त हुए थे। जांच दल छात्रा से पूछताछ करने के लिए आज जांजगिर रवाना हो गया।
बोर्ड के अनुसार जालसाजी का यह मामला उस समय प्रकाश में आया जब रे ने परीक्षा में सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पहले दस परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिका की जांच की। उन्होंने पाया कि टॉप रही छात्रा की उत्तर पुस्तिका में आवंटित क्रम संख्या और परीक्षा केंद्र की संख्या में मिलान नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications