इंदौर जेल से पांच कैदी फरार, जेलर समेत चार कर्मचारी निलंबित
इंदौर, 27 मई (आईएएनएस)। इंदौर के जिला जेल से मंगलवार की शाम लगभग छह बजे पांच कैदी फरार हो गए। इस मामले में जेलर और तीन अन्य कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
इंदौर के अतिरिक्त आरक्षी अधीक्षक मनोज सिंह ने आईएएनएस को बताया कि फरार होने वाले तीन कैदी राजेश उर्फ पप्पु, नीरज उर्फ नीलु और बबलू खंडवा के हैं। इनके अलावा हत्या के आरोपी दो कैदी संतोष और इस्माइल पटेल इंदौर के हैं।
मनोज सिंह ने बताया कि तौलियों को एक दूसरे से जोड़कर बनाई गई रस्सी के सहारे पांचों कैदी जेल की दीवारों को लांघने में सफल हो गए। शाम को सात बजे जब कैदियों की नियमित गिनती की गई तब इन फरार कैदियों के बारे में पता चला।
इंदौर के उप जिला अधिकारी रमेश भंडारी ने बताया कि इस मामले में जेलर जी. एस. रघुवंशी समेत जेल के प्रहरी मनबोध पांडे, चंद्रकांत और हरि सिंह को निलंबित कर दिया गया है और मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications