'असंसदीय' शब्द पर मलेशियाई संसद में हंगामा
कुआलालंपुर, 28 मई (आईएएनएस)। मलेशियाई मूल के एक मंत्री द्वारा एक तमिल शब्द के इस्तेमाल से संसद में हंगामा खड़ा हो गया। संसद के तमिल सदस्यों का कहना था कि यह शब्द असंसदीय है और इससे उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है।
समाचार पत्र 'द सन' के अनुसार उप-उच्च शिक्षा मंत्री इदरीस हारुन द्वारा एक सवाल के जवाब में 'पर्ती केदलान रकयात' दल के विपक्षी सदस्य और एक तमिल भाषी एन. गोपालकृष्णन को 'वोकरेंग' कहने पर तमिल सदस्यों ने इसे 'असंसदीय' कहा। तमिल सदस्यों का कहना है कि यदि मंत्री को किसी भाषा ज्ञान नहीं है तो उन्हें उस भाषा का शब्द नहीं बोलना चाहिए था। उन्होंने हारुन से माफी मांगने को कहा।
इसके विपरीत, हारुन का कहना था कि उन्होंने केवल गोपालकृष्णन को बैठ जाने को कहा था।
गोपालकृष्णन ने भी इस पर विरोध जताया। सभापति पंडीकर अमीन मुल्ला ने कहा कि उन्हें भी तमिल का ज्ञान नहीं है और वह बाहर के लोगों की मदद लेंगे।
इस पर गोपालकृष्णन सभापति के पास पहुंचे और उनसे कुछ कहने लगे, जिस पर सदन में काफी हंगामा हुआ और गोपालकृष्णन से माफी मांगने को कहा गया।
सभापति ने कहा कि गोपालकृष्णन केवल उनसे बात करना चाहते थे। हालांकि उन्होंने गोपालकृष्णन से भविष्य में ऐसा आचरण न करने को कहा। सभापति ने सदन के आचरण पर भी अफसोस जताया।
इसके बाद अपने दल के नेताओं की सलाह पर गोपालकृष्णन ने सदन से माफी मांगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications