आरुषि हत्याकांड के बाद पड़ोसी व्यथित
नोएडा, 28 मई (आईएएनएस)। नोएडा के जलवायु विहार में आरुषि तलवार और उसके घरेलू नौकर की हत्या के बाद वहां के निवासी व्यथित हैं। मीडिया और बाहरी लोगों की गहमागहमी से उनकी शांति छिन गई है।
हत्याकांड के तेरह दिन बाद तलवार परिवार के पड़ोसियों को मीडिया की वहां लगातार मौजूदगी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा रास्ता पूछना भी शक पैदा कर रहा है।
इसके अलावा नागरिकों को शिकायत है कि ऐसे लोग जिनका मामले से कोई लेना-देना नहीं है, आसपास खड़े दिखाई देते हैं।
तलवार परिवार के पड़ोसियों का मानना है कि अपराध के संबंध में पुलिस के बयान के बाद से ही लोगों में ज्यादा कौतूहल बना है।
उल्लेखनीय है कि 16 मई को आरुषि तलवार की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती शक घरेलू नौकर हेमराज पर किया गया था, लेकिन एक ही दिन बाद छत पर हेमराज का शव पाया गया था जिससे शक की सुई आरुषि के पिता राजेश तलवार की ओर घूमी थी।
तलवार दंपत्ति के एक पड़ोसी का कहना है, "जिस तरह की अफवाहें उड़ाई जा रही हैं, वह बहुत खतरनाक हैं। आखिर हम किस तरह के समाज में रह रहे हैं?"
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में रहने वाले अधिकांश लोग सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी हैं।
एक अन्य पड़ोसी महिला का कहना है, "हम चाहते हैं कि यह सब खत्म हो। हम मीडिया की नजरों से बाहर अपना सामान्य जीवन जीना चाहते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications