बंगलौर बनेगा विश्वस्तरीय शहर

राज्य में बनने वाली भारतीय जनता पार्टी की पहली सरकार से आईटी केंद्र बंगलौर की आधारभूत संरचनाओं को लेकर लोगों की उम्मीदें काफी अधिक हैं। भाजपा एक ऐसे राज्य में अगले पांच वर्षों तक शासन करने जा रही है जो आईटी, जैव तकनीक (बीटी) और अन्य विभिन्न उद्योगों का प्रमुख केंद्र है।
भारत के सॉफ्टवेयर उद्योग की संस्था नेस्कॉम के अध्यक्ष सोम मित्तल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "पार्टी की मिले पूर्ण बहुमत का हम स्वागत करते हैं। ऐसी उम्मीद है कि राज्य में एक स्थिर सरकार काम करेगी जो यहां की आधारभूत संरचनाओं खासकर बंगलौर के विकास पर ध्यान देगी। साथ ही आईटी के विकास पर पूरा सहयोग देगी।"
उन्होंने कहा, "गत 40 महीनों में अस्थिर गठबंधन सरकार की वजह से राज्य में जो स्थिति बनी थी उससे काफी नुकसान हुआ। हम सबों को उम्मीद है कि उससे मुक्ति मिलेगी। भाजपा सरकार बंगलौर और कर्नाटक की छवि को पुन: स्थापित करेगी।"
उल्लेखनीय है कि भाजपा को राज्य के आईटी क्षेत्र से 28 विधानसभा सीटों में 17 सीटों पर जीत हासिल हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications