गुर्जर आंदोलन के मद्देनजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुरक्षा बढ़ी
लखनऊ, 27 मई (आईएएनएस)। राजस्थान में जारी गुर्जर आंदोलन का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बढ़ता जा रहा है। गुर्जर समुदाय द्वारा जारी प्रदशर्न को देखते हुए प्रदेश के पश्चिमी जिलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अपर पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने कहा कि मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और मथुरा में गुर्जर समुदाय द्वारा जारी प्रदशर्न को देखते हुए वहां सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही इन जिलों में पीएसी की 6 कंपनियां भेजी गई हैं।
मेरठ के रेथानी, सांबापुर, चौकला और बिजलीबंधा में गुर्जर समुदाय के सैकड़ों लोगों ने राजस्थान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मेरठ के पुलिस अधीक्षक (सिटी) राकेश कुमार जॉली ने बताया कि गुर्जरों के प्रदर्शन को देखते हुए भारी मात्रा में पुलिस की तैनाती की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।
उधर सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित चंद्रा ने बताया कि गुर्जरों ने गांधी पार्क से लेकर कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। चंद्रा ने बताया कि इस दौरान हिंसा की कोई खबर नहीं मिली है।
मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रेम प्रकाश ने बताया कि शहर में कई जगह गुर्जर समुदाय के लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश की। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल की वजह से प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications