मुशर्रफ से करीबी बनाएं जरदारी: अमेरिका

जरदारी द्वारा एक साक्षात्कार में मुशर्रफ को 'बीते हुए समय का प्रतीक' बताने के तुरंत बाद बुश प्रशासन ने इस दिशा में प्रयास तेज किया है।
सोमवार को प्राप्त समाचारों के अनुसार जरदारी ने कहा है कि उनके कई शुभचिंतकों ने सलाह दी है कि वह व्यक्तिगत रूप से मुशर्रफ से मिलकर राजनीतिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करें और उनका हल निकालें।
समाचारों के अनुसार ये शुभचिंतक और कोई नहीं बल्कि अमेरिका के दो सीनेटर कार्ल लेविन और बॉब केसी हैं, जो अभी हाल में पाकिस्तान के दौरे पर आए थे।
अमेरिका ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पीपीपी मुशर्रफ पर महाभियोग लगाकर अपमानित नहीं करे जैसा कि जरदारी ने धमकी दी थी।
जरदारी ने इसके पूर्व राष्ट्रपति मुशर्रफ के साथ मिलकर काम करने के लिए गठबंधन के सहयोगी दल पाकिस्तान मुस्लिीम लीग-नवाज के साथ तय मुद्दों पर भी अपने कदम पीछे हटा लिए थे। इस कारण राजनैतिक हलकों में उनको आलोचना का सामना भी करना पड़ा।
जरदारी ने इन आलोचनाओं से बचने के लिए बुश प्रशासन से आग्रह किया है कि वह विदेश उपमंत्री जॉन नेग्रोपॉन्टे की अगले हफ्ते प्रस्तावित पाकिस्तान यात्रा टाल दे।
गौरतलब है कि नेग्रोपॉन्टे ने मार्च में भी अमेरिका का दौरा किया था। जरदारी को आशंका है कि उनके बार बार के दौरों से जनता में यह नकारात्मक संदेश जाएगा कि अमेरिका पाकिस्तान के मामलों में हस्तक्षेप कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications