खाद्यान्न संकट से निपटने के लिए हों नए उपाय: संयुक्त राष्ट्र
न्यूयार्क, 25 मई (आईएएनएस)। खाद्यान्न और ईंधनों की बढ़ती कीमतों के बीच संयुक्त राष्ट्र को लग रहा है कि इससे दुनिया भर से गरीबी और भुखमरी हटाने की उसकी योजनाओं को धक्का पहुंचेगा और वह इनसे निबटने के लिए नए प्रयासों में लगा हुआ है।
इसका एक हल यह भी सामने आया है कि विकसित देश विकासशील देशों को कृषि संबंधी उत्पादों पर छूट उपलब्ध कराएं।
हाल ही में जापान ने अफ्रीका में गंभीर खाद्य समस्या से निबटने के लिए विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) को 4.78 करोड़ डालर की और सऊदी अरब ने 50 करोड़ डालर की मदद उपलब्ध कराई है लेकिन अफ्रीका के अतिरिक्त एशिया और मध्य पूर्व के कई देशों में इन समस्याओं से निबटने के लिए यह मदद पर्याप्त नहीं है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक एवं सामाजिक परिषद ने इस सप्ताह खाद्यान्न समस्या से निबटने के लिए अनेक बैठकों का आयोजन किया।
परिषद की न्यूयार्क में हुई बैठक की अध्यक्षता करने वाले हैती के लियो मेरोरेस ने कहा, "हमें इस परिस्थिति से मिलजुल कर निबटना होगा। हमें ऐसी नीतियां बनानी होंगी कि ये खराब परिस्थितियां कृषि के पुनर्जागरण में तब्दील हो जाएं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications