म्यांमार में राहत सम्मेलन शुरू (लीड)
यंगून, 25 मई (आईएएनएस)। म्यांमार में तूफान की त्रासदी झेल रहे लाखों लोगों की मदद के लिए आज विश्व के अनेक देशों के प्रतिनिधि यहां एक राहत सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि सम्मेलन में इन देशों से म्यांमार में तूफान से तबाही झेल रहे 24 लाख लोगों के लिए धन उपलब्ध कराने के लिए कहा जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र के सूत्रों ने बताया कि सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न संगठन, दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों के संगठन आसियान के 10 मंत्री, रेड क्रॉस संगठन और कम से कम पांच स्वयं सेवी संगठन भाग ले रहे हैं।।
यह सम्मेलन सुबह 11 बजे संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून के उद्घाटन संबोधन से प्रारंभ हुआ। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के प्रमुख जॉन होम्स और आसियान के महासचिव सुरिन पित्सवान इस कार्यक्रम की सह-अध्यक्षता कर रहे हैं।
आसियान ने म्यांमार में तूफान से निपटने के लिए 22 प्रतिनिधियों का एक विशेष कार्य बल गठित किया है।
इस संबंध में यूरोपीय आयोग के मानवीय राहत कार्यालय के क्षेत्रीय निदेशक हेंके वेट ने कहा, "हमें अभी तक जानकारी नहीं है कि म्यांमार कि सरकार ने राहत के क्या-क्या उपाय किए हैं। हमने आसियान द्वारा गठित इस तरह का कार्यबल पहले नहीं देखा है इसलिए हमें नहीं मालूम है कि यह कितना प्रभावी होगा।"
गौरतलब है कि म्यांमार में 2-3 मई को आए नरगिस तूफान में 133,000 लोगों की मौत हो गई या लापता हो गए है और 24 लाख लोगों के सामने खाद्य, पानी, चिकित्सा और आश्रय की समस्या खड़ी हो गई है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय कार्यालय के प्रवक्ता रिचर्ड होर्से ने कहा, "इस सम्मेलन का उद्देश्य म्यांमार में तूफान के बाद विभिन्न मूलभूत परेशानियों से जूझ रहे यहां के लोगों के लिए राहत सामग्री उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने जीवन की रक्षा कर सकें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications