कर्नाटक में भाजपा 100 सीटों पर आगे (लीड)
बंगलौर, 25 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कर्नाटक विधानसभा चुनावों की मतगणना में अब तक 100 से अधिक सीटों पर बढ़त कायम कर ली है।
इस बढ़त के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय पर जमकर खुशियां मनाई जा रहीं हैं और कार्यकर्ता पटाखे फोड़कर और नारे लगा कर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं।
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक 210 सीटों के लिए रुझान उपलब्ध हैं जिनमें कांग्रेस 68 और जनता दल सेक्युलर (जेडी-एस) को 38 सीटों पर बढ़त हासिल है।
चार सीटों पर निर्दलीय और अन्य आगे चल रहे हैं।
गौरतलब है कि सीधे सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को कम से कम 113 सीटों पर जीत दर्ज करनी होगी।
चुनावों में जो प्रमुख उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं उनमें भाजपा के मुख्यमंत्री पद के दावेदार येदियुरप्पा सहित राज्य कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खार्गे और पूर्व मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी तथा एन. धर्म सिंह शामिल हैं।
कर्नाटक की 244 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतगणना आज सुबह आठ बजे प्रारंभ हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications