म्यांमार को सहायता के लिए सम्मेलन में भाग लेंगे 50 देश
यंगून, 25 मई (आईएएनएस)। म्यांमार में आज विश्व के 50 देश एक राहत सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि इन देशों से म्यांमार में तूफान से तबाही झेल रहे 24 लाख लोगों के लिए धन उपलब्ध कराने के लिए कहा जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र के सूत्रों ने बताया कि इस सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न संगठन, दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों के संगठन आसियान के 10 मंत्री, रेड क्रॉस संगठन और कम से कम पांच स्वयं सेवी संगठन भाग लेंगे।
सूत्र ने बताया कि यह सम्मेलन सुबह 11 बजे संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून के उद्घाटन संबोधन से शुरू होगा। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के प्रमुख जॉन होम्स और आसियान के महासचिव सुरिन पित्सवान इस कार्यक्रम की सह-अध्यक्षता करेंगे।
गौरतलब है कि म्यांमार में 2-3 मई को आए नरगिस तूफान में 133,000 लोगों की मौत हो गई या लापता हो गए और 24 लाख लोगों के सामने खाद्य, पानी, चिकित्सा और आश्रय की समस्या खड़ी हो गई है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय कार्यालय के प्रवक्ता रिचर्ड होर्से ने कहा, "इस सम्मेलन का उद्देश्य म्यांमार में तूफान के बाद विभिन्न मूलभूत परेशानियों से जूझ रहे वहां के लोगों के लिए राहत सामग्री उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने जीवन की रक्षा कर सकें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications