भाजपा चार सीटें जीती, 100 से अधिक पर आगे (लीड-1)
बंगलौर, 25 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कर्नाटक विधानसभा चुनावों में खाता खोलने वाली पहली पार्टी बन गई है। जिन चार सीटों के नतीजे अब तक घोषित किए गए हैं उन सभी पर उसने जीत दर्ज की है।
इसके अतिरिक्त वह 100 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है।
जीतने वाले उम्मीदवार हैं बेल्लारी (ग्रामीण) आरक्षित सीट से श्रीरामुलु, बेल्लारी जिले की ही कांपली सीट से सुरेश बाबू, मंगलौर उत्तरी सीट से कृष्णा पालेमार और दक्षिण कन्नड़ जिले की सुल्या जिले से एस. अंगारा।
इस सूचना के बाद से ही प्रदेश भाजपा कार्यालय पर जमकर खुशियां मनाई जा रहीं हैं और कार्यकर्ता पटाखे फोड़कर और नारे लगा कर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं।
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक 210 सीटों के लिए रुझान उपलब्ध हैं जिनमें कांग्रेस 68 और जनता दल सेक्युलर (जेडी-एस) को 38 सीटों पर बढ़त हासिल है। चार सीटों पर निर्दलीय और अन्य आगे चल रहे हैं।
गौरतलब है कि सीधे सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को कम से कम 113 सीटों पर जीत दर्ज करनी होगी।
कर्नाटक की 244 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतगणना आज सुबह आठ बजे प्रारंभ हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications