युगांडा, इथोपिया का सोमालिया के विद्रोहियों को हथियार बेचने के आरोपों से इंकार
कंपाला, 25 मई (आईएएनएस)। युगांडा और इथोपिया ने संयुक्त राष्ट्र पैनल के इन आरोपों से इंकार किया है कि सोमालिया में स्थित उनके सैनिकों ने स्थानीय विद्रोहियों को हथियार बेचे हैं।
गौरतलब है कि एक हफ्ते पहले संयुक्त राष्ट्र पैनल ने अफ्रीकी संघ की शांति सेना के युगांडा और इथोपिया के सैनिकों पर 1992 के हथियार प्रतिबंध का उल्लंघन करने और इस्लामिक विद्रोहियों को हथियार बेचने का आरोप लगाया था।
इथोपिया के विदेशमंत्री ने शनिवार को इन आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि उनके सैनिकों ने हथियारों की चोरी रोकने में काफी योगदान दिया है।
युगांडा की सेना के प्रवक्ता ने भी इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उन लोगों को हथियार बेचने का आरोप हास्यास्पद है जो हमसे लड़ाई में लगे हैं।
इथोपिया ने सोमालिया में शांति स्थापना के लिए 2006 में अपने सैनिकों को वहां भेजा है। युगांडा के भी 1,600 सैनिक अभी सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में तैनात हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।