कांग्रेस की अवसरवादी राजनीति के खिलाफ है कर्नाटक का जनादेश : आडवाणी
नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन पर अपनी पार्टी की प्रदेश इकाई को बधाई देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा है कि यह परिणाम कांग्रेस की अवसरवादी राजनीति और जनता दल-सेक्युलर (जेडी-एस) के विश्वासघात के खिलाफ लोगों का जनादेश है।
उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की सरकार सभी मोर्चो पर असफल साबित हुई है। एक ओर जहां देश भर में लोग बढ़ती कीमतों से परेशान हैं वहीं आतंकवाद के प्रति सरकार के ढीले रवैये और किसानों की समस्याओं ने भी आम आदमी का मन खिन्न कर दिया है।
आडवाणी ने कहा कि मई 2004 के बाद से देश में हुए लगभग सभी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि देश भर में भाजपा के व्यापक विस्तार और कांग्रेस की हार से आगामी लोकसभा चुनावों के परिणामों का अनुमान लगाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*