बांग्लादेश में दिखावटी संसदीय चुनावों की योजना : होसैन
ढाका, 25 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश की सेना समर्थित कार्यवाहक सरकार बलपूर्वक चुनाव करवाकर दिखावटी संसद के निर्माण की योजना बना रही है। यह आरोप बांग्लादेश की पूर्व मुख्यमंत्री खालिदा जिया के एक वरिष्ठ सहायक ने लगाया है।
बांग्लादेश नेशनिलस्ट पार्टी (बीएनपी) के महासचिव खांडकर देलवार होसैन ने शनिवार को कहा कि सरकार खालिदा जिया और अन्य वरिष्ठ नेताओं को जेल भेज कर और लंबी कानूनी प्रक्रिया में उलझाकर दिसंबर में होने वाले चुनावों से बाहर करना चाहती है।
होसैन से आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भी सरकार की इस योजना में साथ है। आयोग ने हाल में ही संविधान में संसोधन करके दो सदनों वाली विधायिका के गठन का सुझाव दिया है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में अभी तक एक ही सदन वाली संसद है। भारी राजनैतिक उथल पुथल के बीच बांग्लादेश में पिछले वर्ष जनवरी में चुनाव टाल दिए गए थे।
होसैन ने सेना समर्थित सरकार द्वारा उनकी नेता खालिदा जिया को पिछले वर्ष सितंबर से ही जेल में बंद करने की भी निंदा की।
सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण खालिदा जिया और उनकी राजनैतिक प्रतिद्वंद्वी शेख हसीना को जेल में बंद कर रखा है। उनको अगले हफ्ते एक कनाडाई कंपनी को तेल का ठेका देने के मामले में सुनवाई का सामना करना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications