उप्र पुलिस के लिए बीएसएनएल ने तैयार किया खास नेटवर्क
लखनऊ, 25 मई (आईएएनएस)। आतंकवादी वारदात पर काबू पाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस अब 'हाईटेक सूचना' नेटवर्क का इस्तेमाल करेगी। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने यह खास नेटवर्क उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए तैयार किया है, जिसमें पुलिस मुख्यालय और पुलिस चौकी से लेकर मोबाइल वाहन तक को कांफ्रेंसिंग सुविधा दी जाएगी।
बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक (प्लानिंग एंड डेवलमेंट) महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बीएसएनएल 'वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क' (वीपीएन) के माध्यम से पुलिस को पल-पल की सूचना प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराएगी। इसके जरिए प्रदेश के पुलिस मुख्यालय से लेकर दूर-दराज की पुलिस चौकियों को एक नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से समूह में शामिल सदस्यों को पल-पल की जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रीवास्तव के मुताबिक वीपीएन से 'कॉमन यूजर्स ग्रुप' में करीब चार हजार मोबाइल कनेक्शन और तीन हजार बेसिक फोन शामिल किए जा चुके हैं। पहले चरण में यह सेवा लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, बरेली, बहराइच, जालौन, गोंडा और मुरादाबाद समेत दो दर्जन शहरों में शुरू की गई है। इसके बाद यह सेवा जल्द ही प्रदेश के दूसरे शहरों में शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि यह सुविधा अभी तक मोबाइल और बेसिक फोन पर अलग-अलग उपलब्ध थी, लेकिन अब इस नेटवर्किं ग से मोबाइल और बेसिक दोनों को जोड़ा जा सकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications