आतंकवाद पर नियंत्रण पाने में पाक को वर्षो लगेंगे : अमेरिका
इस्लामाबाद, 25 मई (आईएएनएस)। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान के अफगान सीमा से लगे कबाइली इलाके में अल कायदा से संबंधित आतंकवाद को समाप्त करने में कई साल लग सकते हैं।
अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना ने कमांडर ने चेतावनी दी है कि पाक सरकार की तालिबान से वार्ता के कारण आतंकवादियों को सीमा पार करने में और आसानी हो जाएगी।
डान समाचार पत्र में प्रकाशित जनरल डान मैक नेल के बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान द्वारा उत्तर पश्चिम प्रांत में आतंकवादियों से वार्ता और शांति समझौते की आशा से वह परेशानी महसूस कर रहे हैं।
उधर शुक्रवार को अमेरिकी कांग्रेस को भेजी गई एक रिपोर्ट में रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान ने संघ द्वारा शासित कबाइली इलाके (एफएटीए) में पिछले वर्ष 30,000 अतिरिक्त सैनिक भेजकर अल कायदा के शरण स्थल को नष्ट करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किया।
रिपोर्ट में पाकिस्तान की आतंकवादियों के साथ वार्ता का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अल कायदा और अन्य चरमपंथी कबाइली इलाके में छुपे रह सकते हैं, जहां से वह नए रंगरूटों की भर्ती और प्रशिक्षण के साथ ही अमेरिका के हितों को निशाना बनाने में सक्षम हो सकते हैं।
रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि कबाइली इलाके में आतंकवाद के सफाये के लिए एक समग्र रणनीति को कई वर्षो तक लगातार चलाए जाने की आवश्यकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
* *












Click it and Unblock the Notifications