कर्नाटक में भाजपा की जीत यूपीए के बिखराव की शुरुआत : मोदी
अहमदाबाद, 25 मई (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के साथ ही केंद्र में सत्तारुढ़ कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) के पतन की शुरुआत हो गई है।
मोदी ने कहा, "कांग्रेस में अब लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज करने लायक आत्मविश्वास नहीं पनप पाएगा। यूपीए के पतन की शुरुआत हो चुकी है।"
उन्होंने दक्षिण भारत में पार्टी की इस इकलौती जीत को बड़ी उपलब्धि करार देते हुए समाचार चैनल टाइम्स नाऊ से कहा, "कर्नाटक के परिणाम भाजपा की आशा के अनुरूप ही हैं। यह पहली बार है कि पार्टी को दक्षिण के किसी राज्य में स्पष्ट जनादेश मिला है।"
गौरतलब है कि मोदी ने कर्नाटक में भाजपा के लिए जमकर प्रचार किया था।
कर्नाटक में भाजपा की जीत के कारणों के बारे में पूछे जाने पर मोदी ने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि यूपीए सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई।
उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक की जनता ने धोखेबाज लोगों को ठीक जवाब दिया है। उनका इशारा जनता दल -सेक्युलर की ओर था जिसने भाजपा की सरकार से एक सप्ताह के भीतर समर्थन वापस ले लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications