प्रचंड से सरकार बनाने का आग्रह

गौरतलब है कि नेपाली कांग्रेस (एनसी) के अध्यक्ष गिरिजा प्रसाद कोईराला और पूर्व विद्रोहियों (माओवादियों) के बीच पिछले एक महीने से सत्ता के लिए संघर्ष चल रहा था। दोनों पक्षों पर उनके आंतरिक तत्वों और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की ओर से राजनीतिक गतिरोध समाप्त करने के लिए जबर्दस्त दबाव डाला जा रहा था।
नेपाली कांग्रेस के उपाध्यक्ष और शांति मंत्री रामचंद्र पोडेल ने संवाददाताओं को बताया, "राष्ट्र प्रमुख के रूप में कार्य कर रहे प्रधानमंत्री ने प्रचंड को संविधान के अनुसार नई सरकार के निर्माण के लिए पहल करने को कहा है।"
पोडेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के बालूवतार स्थित सरकारी निवास पर तीन प्रमुख पार्टियों नेपाली कांग्रेस, माओवादी पार्टी और नेपाल की एकीकृत कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी- लेनिनवादी (यूएमएल) के नेताओं के बीच वार्ता के दौरान कोइराला ने प्रचंड को यह प्रस्ताव दिया।
एक समाचार वेबसाइट नेपालन्यूज डाटकाम के अनुसार बैठक नई सरकार के गठन, अंतरिम संविधान में संशोधन, संविधान सभा के 26 सदस्यों का मनोनयन और एक औपचारिक राष्ट्रपति की नियुक्ति पर केंद्रित थी। लेकिन किसी भी मामले पर निर्णय नहीं लिया जा सका।
इन मामलों पर चर्चा करने के लिए अगले दौर की बैठक रविवार सुबह बालूवतार में होगी। पोडेल ने कहा कि अगली बैठक में माओवादी नेता प्रचंड संयुक्त सरकार के गठन की रूपरेखा प्रस्तुत कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications