थायराइड की बीमारी से पीड़ित हैं 4.2 करोड़ भारतीय
नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय थायराइड दिवस पर चिकित्सकों ने कुछ चौंकाने वाले आंकड़ें प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने बताया कि भारत में लगभग 4.2 करोड़ लोग थायराइड की बीमारी से पीड़ित हैं।
भारतीय थायराइड समिति (आईटीएस) के अनुसार यह बीमारी भारतीयों में बहुत ही आम है लेकिन इस पर बहुत ही कम ध्यान दिया जाता है इसलिए यह गुप्त बीमारी के रूप में उभर रही है।
विशेषज्ञों ने बताया कि थायराइड पुरुषों की तुलना में महिलाओं में आठ गुना अधिक पाया गया है।
कोचीन में अमृता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के प्रोफेसर यूनीकृष्णन ए.जी. ने कहा, "जैसे-जैसे मनुष्य की उम्र बढ़ती है वैसे-वैसे ही थायराइड की जरूरत भी बढ़ती जाती है। हमने पाया है कि किशोरावस्था को पार कर चुकी महिलाओं को थायराइड की बीमारी होने की संभावना पुरुषों से अधिक रहती है।"
उन्होंने कहा, "यदि थायराइड के मरीज समय रहते इसका इलाज नहीं कराते हैं तो उनमें उच्च कोलेस्ट्रॉल का स्तर, हृदय रोग, ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डी की बीमारी), बांझपन और अवसाद जैसी कई तरह की परेशानियां देखी जाती हैं।"
गौरतलब है कि थायराइड एक ऐसा हार्मोन होता है जो शरीर के ऊतकों, कोशिकाओं और सभी अंगों के चयापचय को नियंत्रित करने में महती भूमिका निभाता है। यह बच्चों की शारीरिक, मानसिक और उनके शरीर के आइक्यू स्तर को बढ़ाने में सहायक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications