उप्र में इंटरमीडियट परीक्षा के परिणाम घोषित
लखनऊ, 25 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आज घोषित इंटरमीडियट परीक्षा के नतीजों में लखनऊ पब्लिक स्कूल के छात्र संदीप सिंह यादव पहले और इसी विद्यालय के सुधांशु गौतम व स्पर्श सिंघल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे हैं। कानपुर के अनुराग कटियार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। छात्राओं में बलिया की संजीदा ने 87.2 फीसदी अंक पाकर पहले स्थान पर रही।
राज्य में इस बार इंटरमीडियट परीक्षा में 17,99,260 परीक्षार्थी बैठे थे, जिनमें छात्राओं की संख्या 7 लाख 20 हजार थी। इस बार कुल 65.5 फीसदी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
राज्य में पहले स्थान पर रहे संदीप सिंह यादव को 92 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं, जबकि बीएनएसडी कॉलेज कानपुर के अनुराग 91.2 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान और 90.2 फीसदी अंको के साथ सुधांशु गौतम और स्पर्श सिंघल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
गौरतलब है कि मेधा सूची जारी करने की पहले योजना नहीं थी, लेकिन बाद में इसे जारी किया गया। माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव प्रभा त्रिपाठी ने आईएएनएस से कहा, "मेधा सूची तैयार करने में पूरी सावधानी बरती गई है और उम्मीद है कि इसे लेकर कोई विवाद नहीं होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications