दिल्ली में होगी अत्याधुनिक यातायात प्रणाली
नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। नई दिल्ली में बाधारहित यातायात प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए शहर के मुख्य चौराहों पर 'इंटेलिजेंट' वीडियो कैमरों की मदद से नजर रखी जाएगी।
वर्ष 2010 में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारी के तहत दिल्ली की यातायात व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है।
एक वरिष्ठ यातायात पुलिस अधिकारी ने कहा, "इस प्रणाली की मदद से हम नियंत्रण केंद्र को शहर के मुख्य चौराहों की स्थिति दर्शाने के लिए लाइव वीडियो चित्र भेजने में सक्षम हो जाएंगे। इससे स्थिति से निपटना आसान हो जाएगा।"
इस प्रणाली में रेड लाइट संकेतों, लेन ड्राइविंग और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों को ऐसा करने से रोकने की भी व्यवस्था होगी।
इस प्रणाली को लागू करने के लिए योजना आयोग ने दो अरब रुपये मंजूर किए हैं। यह राशि वर्ष 2007-12 तक की अवधि के लिए है। वर्ष 2008-09 के लिए 32 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications