शिवसेना ने जीती थाणे लोकसभा सीट (लीड)
थाणे, 25 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के थाणे लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शिवसेना के आनंद परांजपे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संजीव नाईक को 86,000 से अधिक मतों से पराजित कर दिया।
रविवार सुबह शुरू हुई मतगणना के प्रथम चरण के दौरान ही आनंद 10,000 से अधिक वोटों की बढ़त बना चुके थे और लगातार इस अंतर में इजाफा करते गए, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं समेत सभी लोग आश्चर्यचकित थे।
फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है लेकिन नवी मुंबई स्थित मतगणना केंद्र से सूत्रों ने बताया कि आनंद 86,000 से अधिक वोटों से चुनाव जीत गए हैं। उधर आधिकारिक तौर पर घोषणा की गई है कि दूसरे चरण की मतगणना में आनंद 15,000 की बढ़त बनाए हुए हैं। इसके बाद से मतगणना का काम रोक दिया गया है।
चुनाव अधिकारियों और पुलिस सूत्रों ने कहा कि संघर्षपूर्ण मुकाबले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
थाणे क्षेत्र से शिवसेना के विधायक एकनाथ शिंदे ने कहा, "हम लोग जीत को लेकर आश्वस्त थे लेकिन इतने अंतर से जीत मिलेगी इसकी उम्मीद नहीं थी।"
उल्लेखनीय है कि फरवरी महीन में शिवसेना के स्थानीय सांसद प्रकाश परांजपे की मृत्यु के बाद यहां उपचुनाव कराया गया था, जिसमें शिवसेना ने अपने उम्मीदवार के रूप में प्रकाश परांजपे के पुत्र संजीव परांजपे को अपना उम्मीदवार बनाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications