कर्नाटक चुनाव : जेडी-एस के कारण हुआ धर्मनिरपेक्ष मतों का बंटवारा : कांग्रेस (लीड)
नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनावों में अपनी हार का ठीकरा धर्मनिरपेक्ष मतों के बंटवारे के सर पर फोड़ा है।
पार्टी महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि राज्य में जनता दल-सेक्युलर (जेडी-एस) के कारण धर्म निरपेक्ष मतों का बंटवारा हो गया जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बढ़त बनाने में मदद मिली।
चव्हाण ने संवाददाताओं से कहा, "स्पष्ट बहुमत न मिल पाने का एक कारण यह है कि कांग्रेस के धर्मनिपेक्ष मतों का बंटवारा हो गया है।"
चव्हाण ने कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए परिसीमन में हुई देरी की वजह से हमें मतदाताओं की सूची का पुनरीक्षण करने का मौका नहीं मिल पाया।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश में सरकार बनाने के लिए जेडी-एस के साथ गठबंधन कर सकती है।
सिंघवी ने कहा, "राजनीति यथार्थ पर चलती है। आपके पास दो ही रास्ते होते हैं या तो आप दुबारा चुनावों का सामना करें या फिर सरकार बनाने के लिए हर संभव प्रयास करें।"
इससे पहले कांग्रेस ने कहा था कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने कर्नाटक में उसके वोट बैंक में सेंध लगाई है लेकिन उसने यह भी कहा था कि इसका असर अन्य पार्टियों पर भी पड़ेगा।
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने कहा, "बसपा हमारे वोट बैंक को प्रभावित कर सकती है। इससे हमारे सत्ता में आने की संभावनाओं पर असर पड़ेगा।"
नटराजन ने कहा था कि कर्नाटक में पारंपरिक रूप से दलित हमेशा कांग्रेस के साथ रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications