कृषि क्षेत्र में सुविधा बढ़ाने की आवश्यकता : संयुक्त राष्ट्र
न्यूयार्क, 24 मई (आईएएनएस)। खाद्य संकट के मद्देनजर 'संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद' (ईसीओएसओसी) ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए कहा है कि खाद्य आपूर्ति बढ़ाने के लिए कृषि क्षेत्र को और अधिक सुविधा मुहैया कराने की आवश्यकता है।
संयुक्त राष्ट्र में तीन दिनों तक चली विशेष बैठक के बाद इस संबंध में वक्तव्य जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि विश्व में खाद्य आपूर्ति को बढ़ाने के लिए अच्छे बीज, उर्वरक, सिंचाई, परिवहन और भंडारण सुविधा को बढ़ाने की आवश्यकता है।
ईसीओएसओसी के अध्यक्ष लियो मेरोरेस ने कहा कि खाद्य पदार्थो की तेजी से बढ़ती कीमतों का असर लाखों लोगों के स्वास्थ्य पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विगत दो वर्षो में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई है, जिसमें इस वर्ष जनवरी में चावल के मूल्य में दोगुनी वृद्धि दर्ज की गई है।
ईसीओएसओसी ने किसानों को और अधिक सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की। साथ ही कृषि क्षेत्र में शोध कर रहे लोगों से खाद्य बाजार के विषय में जानकारी प्राप्त करने के लिए कहा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications