गंगा में पानी न्यूनतम स्तर पर
वाराणसी, 24 मई (आईएएनएस)। कभी देश की जीवन रेखा कही जाने वाली गंगा आज खुद अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। गंगा में ऑक्सीजन की मात्रा न्यूनतम बताई जा रही है। उसके पानी में प्रदूषण उच्चतम स्तर पर है और पानी आज तक के अपने न्यूनतम स्तर पर है। वाराणसी में गंगा अब घाटों से दूर जाने लगी है।
गंगा के बीच में बालू के टीले पड़ गए हैं। ऐसे में गंगा प्रेमी तो चिंतित हैं ही अब जिला प्रशासन भी इस पर गंभीर होता नजर आ रहा है।
वाराणसी के जिलाधिकारी अजय उपाध्याय ने आज पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि गंगा में पानी के कम होने का सिलसिला लगातार जारी है और स्थिति दिन पर दिन भयावह होती जा रही है। चूंकि गंगा में इस समय पानी का बहाव न के बराबर है इसलिए प्रदूषण सतह पर आ गया है। गंगा में पानी का बहव तेज हो इसके लिए टिहरी से पानी छोड़ने के लिए शासन को पत्र लिखा जा रहा है। आशा है कि जल्द ही गंगा में पानी का बहाव बढ़ेगा और इसकी दशा में सुधार होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications